
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया 13 दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ, 28 अगस्त को होगा ऐतिहासिक बग्वाल का आयोजन
देवीधुरा/चंपावत। विश्व प्रसिद्ध देवीधुरा धाम में रविवार को पौराणिक परंपरा, धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति के संगम के बीच 13 दिवसीय देवीधुरा बग्वाल मेला (आषाढ़ी मेला) शुरू हो गया। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मां वाराही देवी मंदिर परिसर के मुख्य द्वार पर फीता काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मेला 4 सितंबर तक चलेगा, जबकि इसका मुख्य आकर्षण ऐतिहासिक बग्वाल 28 अगस्त को आयोजित होगी।
उद्घाटन अवसर पर दीप प्रज्वलित करने के बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मां वाराही देवी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं शांति की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

मेले के शुभारंभ पर ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक छलिया नृत्य और कलश यात्रा के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्य बाजार से मंदिर मंडल तक निकाली गई शोभायात्रा में महिलाओं और छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। संस्कृत महाविद्यालय देवीधुरा के विद्यार्थियों एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने वेद मंत्रों और स्वस्ति वाचन के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
बग्वाल मेले की विशिष्ट पहचान
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध मां वाराही धाम के वार्षिक मेले का शुभारंभ करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि देवीधुरा धाम उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित होने वाली ऐतिहासिक बग्वाल इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता है, जिसमें चारों खामों के लोग उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हैं।
मंत्री ने मां वाराही धाम से अपने बचपन के जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि यह क्षेत्र उनके लिए विशेष आस्था और आत्मीयता का केंद्र रहा है। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में देवीधुरा पहुंचकर मां वाराही के दर्शन करने तथा मेले को शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
उद्घाटन के बाद मंदिर समिति की ओर से कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं और अतिथियों का मन मोह लिया।
हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल
देवीधुरा बग्वाल मेले में सात थोक एवं चार खामों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु और प्रतिभागी शामिल होते हैं। मेले को लेकर प्रशासन एवं मेला समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यातायात, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मेला संयोजक मोहन सिंह बिष्ट, मां वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा वल्लभ जोशी, पूर्व अध्यक्ष मंदिर कमेटी खीम सिंह लमगड़िया, नरेंद्र सिंह लडवाल, राजेश बिष्ट, अमित लमगड़िया, लक्ष्मी दत्त जोशी, नगर पंचायत पाटी अध्यक्ष नारायण लाल, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी पाटी नीतू डांगर, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पंचायत सदस्य ढोलीगांव नैनीताल बहादुर सिंह नदगली, हयात सिंह बिष्ट, प्रधान वालिक राजेंद्र बिष्ट, गौरव सिंह सिनग्वाल, योगराज सिंह बिष्ट, बलवंत सिंह बिष्ट, कमल किशोर पांडे, तारा दत्त जोशी, रमेश काण्डपाल, किशन सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

