IMG 20260823 WA0022 scaled पिथौरागढ़ में ‘हेलो हेल्प’ की पहल, फोन उठाइए, शिकायत बताइए और समाधान पाइए

पिथौरागढ़ में ‘हेलो हेल्प’ की पहल, फोन उठाइए, शिकायत बताइए और समाधान पाइए

उत्तराखण्ड ताजा खबर पिथौरागढ़
खबर शेयर करें

पिथौरागढ़। जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई पेपरलेस शिकायत निवारण व्यवस्था ‘हैलो हेल्प पिथौरागढ़’ को आमजन का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। 15 मई 2026 से जिलाधिकारी आशीष भटगांई की पहल पर शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत अब तक 562 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 352 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया गतिमान है।

‘हैलो हेल्प’ के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। लोग फोन कॉल, व्हाट्सऐप और ई-मेल के जरिए घर बैठे अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रही है। स्थानीय भाषा में अपनी समस्या बताने की सुविधा ने भी इस व्यवस्था को अधिक सहज बनाया है।

शिकायत के निस्तारण के बाद लिया जाता है फीडबैक

‘हैलो हेल्प’ की खासियत यह है कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसके निस्तारण की नियमित निगरानी की जाती है। शिकायत का समाधान होने के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेकर इसकी पुष्टि भी की जाती है। यदि शिकायत का समाधान नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी से तत्काल संपर्क कर उसके निस्तारण के निर्देश दिए जाते हैं।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि ‘हैलो हेल्प पिथौरागढ़’ का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि प्रत्येक वास्तविक समस्या का संवेदनशील और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया इस व्यवस्था के प्रति बढ़ते जनविश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही संबंधित विभागों को ‘हैलो हेल्प’ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

ऐसे दर्ज कराएं शिकायत

हैलो हेल्प पिथौरागढ़: 94581 44651

ई-मेल: hellohelp.pithoragarh@gmail.com

कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *