देहरादून। उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों के कमजोर वर्गों को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलागम विभाग की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों और समूहों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए मदद दी जा रही है। परियोजना के माध्यम से करीब सात हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि एवं औद्यानिकी को बढ़ावा देना तथा ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन कम करना है। इसके साथ ही समाज के कमजोर वर्गों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी परियोजना में विशेष प्रावधान किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। परियोजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार रुपये तथा समूहों को अधिकतम एक लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। व्यक्तिगत लाभार्थी इस धनराशि से मधुमक्खी पालन, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और घराट संचालन जैसे कार्य शुरू कर सकते हैं। वहीं समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण और मछली पालन सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कई ग्रामीणों को योजना का लाभ मिल भी चुका है।
लाभार्थियों का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में आर्थिक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता है। यह परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों के 15 ब्लॉकों की 519 ग्राम पंचायतों में संचालित की जा रही है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि परियोजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वरोजगार के माध्यम से परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चयनित लाभार्थियों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जाए।

