logo1 बबियाड़ : बदहाल सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर कल से बबियाड़ में अनिश्चितकालीन धरना

बबियाड़ : बदहाल सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर कल से बबियाड़ में अनिश्चितकालीन धरना

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

11 सूत्रीय मांगों को लेकर होगा आंदोलन, चेतावनी- मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा

धारी। धारी ब्लॉक के बबियाड़ गांव सहित क्षेत्र की बदहाल सड़कों के जीर्णोद्धार एवं विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में सोमवार, 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। धरना सुबह 10 बजे से बबियाड ग्राम के दुबट्टी स्थित बदहाल मोटर मार्ग पर खुले आसमान के नीचे दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्यों को लेकर पूर्व में 11 सूत्रीय मांगें उठाई गई थीं, लेकिन शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि बबियाड-टपूवा-दुदुली बहुउद्देशीय मोटर मार्ग पिछले 10 वर्षों से बदहाल स्थिति में है। इसके चलते क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

उन्होंने गैराखान-कैलाश द्वार मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सिमलिया-साननी मोटर मार्ग से मिलान के कार्य में हो रही विभागीय हीलाहवाली पर भी नाराजगी जताई। इसके अतिरिक्त वीरसिंग्या मोटर मार्ग और अमदौ मोटर मार्ग के निर्माण सहित पूर्व में उठाई गई सभी 11 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की।

मनोज शर्मा ने कहा कि अब क्षेत्रवासियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जब तक बदहाल मोटर मार्गों का सुधारीकरण नहीं होता और लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बबियाड से शुरू होने वाला यह आंदोलन आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी रूप लेगा और चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने सरकार, स्थानीय सांसद, विधायक और विभागीय अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर समस्याओं का समाधान करने की मांग की। साथ ही कहा कि धरने के दौरान ही सरकार को क्षेत्र की जायज मांगें मान लेनी चाहिए, अन्यथा आंदोलन की आगामी रणनीति और अधिक व्यापक एवं उग्र होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी अपने संवैधानिक अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

 

1610202602 बबियाड़ : बदहाल सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर कल से बबियाड़ में अनिश्चितकालीन धरना Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *