IMG 20261123 WA0012 scaled बिन्दुखत्ता में 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल बनेगा, प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम समेत अन्य कार्यों की घोषणा

बिन्दुखत्ता में 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल बनेगा, प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम समेत अन्य कार्यों की घोषणा

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने की घोषणाएं, महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि; तीन लोक कलाकार सम्मानित

बिन्दुखत्ता (लालकुआं)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित दो-तीन कार्यों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। साथ ही बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला बड़ा सांस्कृतिक हॉल बनाने की घोषणा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर तथा स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया। उन्होंने महान लोकगायक को श्रद्धांजलि देते हुए आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता को बधाई दी।

IMG 20261123 WA0037 scaled बिन्दुखत्ता में 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल बनेगा, प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम समेत अन्य कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, नारी संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और सामाजिक चेतना की झलक मिलती थी। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहे। प्रहलाद दा ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनके परिवार और प्रशंसक उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ लोकसंस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।

लोकसंस्कृति हमारी गहरी जड़ें

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक का अर्थ जनता और थात का अर्थ विरासत व धरोहर है। लोकथात महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों का संरक्षण कर उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें मजबूत बनी रहती हैं। उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि इसकी संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं में भी बसती है। आधुनिकता के दौर में युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।

IMG 20261123 WA0039 scaled बिन्दुखत्ता में 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल बनेगा, प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम समेत अन्य कार्यों की घोषणा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर काम कर रही है। जहां सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है, वहीं मंदिरों और सांस्कृतिक केंद्रों का संरक्षण भी किया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

लालकुआं क्षेत्र में विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल तैयार किया गया है, जबकि विजयपुर गौला पार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण के लिए भी कार्यवाही की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बिन्दुखत्ता में करीब 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है।

गौला और नन्धौर नदी से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाएं तथा जंगल से सटे क्षेत्रों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

 बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान वनाधिकार समिति बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई तथा ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार विकास को केवल नई परियोजनाओं तक सीमित नहीं मानती, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनका समाधान करने में विश्वास रखती है।

कलाकारों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान तथा जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कलाकार हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं और उनके योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

 

1610202602 बिन्दुखत्ता में 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल बनेगा, प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम समेत अन्य कार्यों की घोषणा Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *