गरुड़ (बागेश्वर)। उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं विकास पखवाड़े’ के अंतर्गत गरुड़ विकासखंड के माथरों-पतली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनसंवाद कर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मंत्री के आगमन पर अपूर्वा पाण्डे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया।समाज कल्याण विभाग ने पेंशन स्वीकृति पत्र वितरित किए, जबकि बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट प्रदान की। उद्योग विभाग ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं एमएसएमई के तहत 95.22 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए। इसके अलावा स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, दुग्ध विकास, स्वरोजगार सहित कई विभागों ने एक ही स्थान पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, किसानों, युवाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को लाभान्वित किया गया। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए तथा सभी शिकायतों के पंजीकरण और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने तक संबंधित अधिकारी शिविर स्थल पर मौजूद रहें।
इस दौरान मंत्री ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में विधायक पार्वती दास एवं सुरेश गढ़िया ने भी लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में पलायन आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

