पिथौरागढ़। एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा। अभियान के दौरान लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, जांच और उपचार की जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का मुख्य जोर एचआईवी को लेकर लोगों में फैले भय और भ्रम को दूर करने तथा समय पर जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर रहेगा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों से लोगों को एचआईवी से बचाव और सुरक्षित व्यवहार की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान आगामी 11 सप्ताह तक संचालित किया जाएगा।
डॉ. कौशिक ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम में जागरूकता के साथ-साथ समय पर जांच भी बेहद महत्वपूर्ण है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से एचआईवी को लेकर किसी तरह का भय या भ्रम न रखने और संक्रमण की आशंका होने पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लेने की अपील की है।
विभाग के अनुसार सुरक्षित व्यवहार अपनाने और समय पर जांच कराने से संक्रमण की रोकथाम में मदद मिल सकती है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2008 से अब तक पिथौरागढ़ जिले में करीब 400 एचआईवी संक्रमित लोग पाए गए हैं। इनमें अधिकांश लोग नेपाल और अन्य राज्यों से संबंधित बताए गए हैं।

