लंबे समय से क्षेत्रवासी कर रहे थे मांग, दर्जनों गांवों के श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कुलौरी स्थित प्रसिद्ध मौनी बाबा आश्रम के समीप करीब 44 लाख रुपये की लागत से धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। गुरुवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत भूमि पूजन कर धर्मशाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

मौनी बाबा आश्रम दर्जनों गांवों के लोगों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों में भी दूर-दराज के गांवों से लोग शामिल होते हैं। लंबे समय से क्षेत्रवासी आश्रम के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला निर्माण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पहल करते हुए निर्माण कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत कराई और अब शिलान्यास के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।

इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और विकास करना सरकार की प्राथमिकता है। धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धर्मशाला का निर्माण पूरा होने के बाद आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। स्थानीय जनता की मांगों और जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जा रहा है।धर्मशाला निर्माण के शिलान्यास पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
इस दौरान मौनी महाराज, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ओखलकांडा कमलेश कैड़ा, प्रकाश चंद्र नानू, प्रधान हरीश गंगोला, प्रधान पुष्कर सिंह बोहरा, चंद्र मोहन पनेरू, नंदाबल्लभ आर्य, प्रधान लक्ष्मी दत्त बेलवाल, महिपाल सिंह, शेखर थुवाल, शेर सिंह, दीवान राम सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

