roadways bus मुख्यमंत्री धामी ने रोडवेज की 59 नई बसों को दिखाई हरी झंडी, नैनीताल मंडल को मिली 19 बसें

मुख्यमंत्री धामी ने रोडवेज की 59 नई बसों को दिखाई हरी झंडी, नैनीताल मंडल को मिली 19 बसें

उत्तराखण्ड ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में परिवहन सुविधाएं होंगी बेहतर, तीन मंडलों को किया गया बसों का आवंटन
देहरादून। प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखण्ड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं मिल सकेंगी।
नई बसों में से नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें आवंटित की गई हैं। इनका संचालन विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा। इससे खासकर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में बेहतर परिवहन व्यवस्था का विशेष महत्व है। पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई बसों के शामिल होने से विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे स्थानीय निवासियों के साथ ही पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। बेहतर परिवहन सेवाएं दूरस्थ क्षेत्रों की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
वर्तमान में उत्तराखण्ड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन क्षमता और मजबूत होगी। बीएस-06 मानकों वाली ये बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक योगदान देंगी।
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और उत्तराखण्ड परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि विकास की यात्रा में कोई भी क्षेत्र पीछे न रहे।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखण्ड परिवहन निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

1610202602 मुख्यमंत्री धामी ने रोडवेज की 59 नई बसों को दिखाई हरी झंडी, नैनीताल मंडल को मिली 19 बसें Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *