logo1 नैनीताल जिले में शनिवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, रेड अलर्ट के चलते डीएम ने जारी किया आदेश

नैनीताल जिले में शनिवार को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, रेड अलर्ट के चलते डीएम ने जारी किया आदेश

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

नैनीताल।  मौसम विभाग की ओर से जनपद नैनीताल के लिए 26 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जिले में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 26 सितंबर (शनिवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

मौसम की स्थिति को देखते हुए नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी व्यक्त की गई है। संभावित खतरे को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षकों और स्टाफ को भी अवकाश

आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।

जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को आदेश का सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *