हल्द्वानी। शहर की खूबसूरती, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से आयोजित ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ का समापन हो गया। प्रतियोगिता में 183 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने हल्द्वानी के ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों, खानपान, व्यापार, कला-संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को आकर्षक रील के माध्यम से प्रस्तुत किया।
समापन समारोह में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही हल्द्वानी की सकारात्मक पहचान को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाना है। युवाओं और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने अपनी रचनात्मकता के जरिए शहर के विभिन्न पहलुओं को बेहतर ढंग से सामने रखा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया किसी भी शहर की पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 183 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद दीप चंद्र भट्ट को प्रथम, हेमंत सिंह बिष्ट को द्वितीय और मोहम्मद आसिम मिकरानी को तृतीय स्थान के लिए चुना गया। समारोह में विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान शहर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हल्द्वानी की पहचान को और मजबूत बनाने तथा शहर की सकारात्मक छवि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र रौतेला, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सोशल मीडिया संयोजक भुवन जोशी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल, सचिन साह सहित कई लोग मौजूद रहे।

