अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 35वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक होटल शिखर, मालरोड में आयोजित हुई। बैठक में बैंक की वित्तीय प्रगति, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैंक प्रबंधन ने वर्ष 2028 तक बैंक की शाखाओं की संख्या बढ़ाकर 80 करने और कार्य व्यवसाय को 8,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
बैठक में बैंक अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत ने सामान्य निकाय के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। बैंक के प्रबंध निदेशक पी.सी. तिवारी ने निदेशक मंडल की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बैंक की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक का कार्य व्यवसाय 6,600 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जबकि बैंक का नेट एनपीए शून्य है।
उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक बैंक ने 1,691.45 करोड़ रुपये की धनराशि भारतीय रिजर्व बैंक के पास सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश की है। बैंक की निजी पूंजी बढ़कर 725.85 करोड़ रुपये हो गई है। बैंक ने अपने कुल ऋण का लगभग 74.59 प्रतिशत प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में वितरित किया है।
वर्तमान में बैंक का कार्यक्षेत्र पूरे उत्तराखंड में है। 31 मार्च 2026 तक बैंक की 65 शाखाएं संचालित थीं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में दिनेशपुर, रामनगर रोड काशीपुर, शिवालिक नगर हरिद्वार और मसूरी रोड चंबा में चार नई शाखाएं खोली गई हैं। इसके साथ बैंक की शाखाओं की संख्या बढ़कर 69 हो गई है।
बैंक प्रबंधन के अनुसार जल्द ही कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, मियांवाला देहरादून, कनखल हरिद्वार और गोल मार्केट देहरादून में पांच और नई शाखाएं खोली जाएंगी। इसके बाद बैंक की शाखाओं की संख्या 74 हो जाएगी।
49.54 करोड़ रुपये का सकल लाभ
वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 49.54 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया है। बैंक प्रबंधन ने अपने अंशधारकों को 9 प्रतिशत की दर से लाभांश देने का निर्णय लिया है। इसी वित्तीय वर्ष में बैंक की ओर से 14 करोड़ रुपये का अग्रिम आयकर भी जमा किया गया।
ग्राहकों को जल्द मिलेगी मोबाइल बैंकिंग सुविधा
बैंक आधुनिक बैंकिंग सेवाओं को लगातार विस्तार दे रहा है। ग्राहकों को आरटीजीएस, एनईएफटी, पीएफएमएस, आईएमपीएस क्रेडिट, ईसीएस और एनएसीएच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बैंक भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) का प्रत्यक्ष सदस्य भी है।
बैंक की वित्तीय स्थिति, कार्यप्रणाली और तकनीकी क्षमता को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक को मोबाइल बैंकिंग की अनुमति प्रदान कर दी है। प्रथम चरण में यह सुविधा बैंक कर्मचारियों को उपलब्ध कराई गई है। जल्द ही ग्राहकों को भी मोबाइल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
बैंक अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत ने बैंक की प्रगति में सहयोग के लिए संचालक मंडल, अंशधारकों, ग्राहकों, शासन-प्रशासन, भारतीय रिजर्व बैंक, सहकारिता विभाग, ऑडिट विभाग, अन्य बैंकों तथा बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में बैंक उपाध्यक्ष सदी राम आर्या, संचालक सुरेंद्र प्रसाद, सुजाता गुलाटी, रीता टंडन, महेश चंद्र पांडे, सीए गगनदीप सिंह सहदेव, हरीश चंद्र पाठक, नृपेन्द्र सिंह रौतेला, डॉ. दीपक गौड़, मुमताज हुसैन, जीतेन्द्र सिंह, गिरीश धवन, डॉ. हंसा पांडे सहित बैंक प्रतिनिधि, विशेष आमंत्रित सदस्य, सामान्य निकाय के प्रतिनिधि और बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

