एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों के साथ राजभवन में देंगे धरना
भीमताल। रामगढ़ ब्लॉक के मल्ला रामगढ़ में भूमि संबंधी मुद्दे को लेकर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता जाने का डर ऐसा ही होता है। कुछ दिन की सत्ता के नशे में मदमस्त लोग अब अपनी हदें पार कर रहे हैं।
मीडिया को जारी बयान में मनोज शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सरकार पर भूमि पूंजीपतियों को देने का आरोप लगाते हुए मल्ला रामगढ़ में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और नैनीताल जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भुवन दरम्वाल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेता लाखन सिंह नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मुद्दों पर सरकार का विरोध करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार और धर्म है। कांग्रेस इसी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रही थी। आरोप लगाया कि शांत पहाड़ी क्षेत्र में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति पहुंचकर अव्यवस्था फैलाने का प्रयास किया, जबकि पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बने रहे।
मनोज शर्मा ने सवाल उठाया कि पहाड़ की शांत वादियों का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन कब कार्रवाई करेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनों को पूंजीपतियों और माफिया के हवाले करने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कथित उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो वह भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों और काश्तकारों के साथ राजभवन में धरना देंगे। उन्होंने कहा कि अपनी जमीनों के हितों की रक्षा करना किसानों का अधिकार है और इसके लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।नोट: खबर में आरोपों को कांग्रेस नेता के बयान के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

