mayor vikash sharma रुद्रपुर के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, मेयर विकास शर्मा ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से की मुलाकात

रुद्रपुर के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, मेयर विकास शर्मा ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से की मुलाकात

उत्तराखण्ड ऊधमसिंह नगर ताजा खबर
खबर शेयर करें

जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए 16.61 करोड़ रुपये की आरसीसी नाला परियोजना को जल्द स्वीकृति देने का किया आग्रह
रुद्रपुर/हल्द्वानी। रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से शिष्टाचार भेंट कर शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान महापौर ने बरसात के समय शहर में होने वाली जलभराव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए आंतरिक मार्ग संख्या-87 में अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नालों के निर्माण हेतु आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि नगर निगम इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर चुका है। परियोजना की अनुमानित लागत ’’₹1661.61 लाख (करीब 16.61 करोड़ रुपये)’’ है। इसके पूरा होने से शहर की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आएगी और आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।
महापौर ने परियोजना के लिए जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।
कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने महापौर द्वारा रखे गए प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित एवं शहरी विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को गति दी जाएगी।
बैठक में रुद्रपुर शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जल निकासी व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं में सुधार तथा अन्य जनहित के विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

मुख्य बिंदु

शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर।
16.61 करोड़ रुपये की आरसीसी नाला परियोजना के लिए धनराशि की मांग।
नगर निगम ने परियोजना की डीपीआर पहले ही तैयार की।
कुमाऊँ आयुक्त ने प्रस्ताव पर नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन।
रुद्रपुर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर हुई विस्तृत चर्चा।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *