IMG 20261117 WA0003 जनगणना-2027 के प्रचार में जुटेगा नैनीताल दुग्ध संघ, 710 समितियों के जरिए 34 हजार परिवारों तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश

जनगणना-2027 के प्रचार में जुटेगा नैनीताल दुग्ध संघ, 710 समितियों के जरिए 34 हजार परिवारों तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

स्व-गणना अभियान में भागीदारी के लिए दुग्ध उत्पादकों को किया जाएगा प्रेरित, समितियों के सचिवों को पत्र भेजने के निर्देश

लालकुआं। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने भी पहल शुरू कर दी है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनगणना के प्रथम चरण के तहत संचालित स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत दुग्ध संघ से जुड़ी पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जाएगा।

बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण में संचालित स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। बैठक में इस राष्ट्रीय अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दुग्ध समितियों का सहयोग लेने पर जोर दिया गया।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। सटीक जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों को लिखित पत्र भेजकर अपने-अपने क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों एवं उनके परिवारों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समितियों के सचिव व्यक्तिगत रूप से भी उत्पादकों से संपर्क कर उन्हें स्व-गणना प्रक्रिया और ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी दें। साथ ही दुग्ध उत्पादक स्वयं इस प्रक्रिया में भाग लेने के साथ अपने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

मुकेश बोरा ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक जानकारी जमा करने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।

उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं जनहित से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने सभी समितियों से अभियान को प्राथमिकता देते हुए पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के अधिक से अधिक परिवारों तक इसका संदेश पहुंचाने की अपील की।

बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस एवं जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

1610202602 जनगणना-2027 के प्रचार में जुटेगा नैनीताल दुग्ध संघ, 710 समितियों के जरिए 34 हजार परिवारों तक पहुंचेगा जागरूकता संदेश Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *