सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने अधिशासी अभियंताओं और जिला स्तरीय अधिकारियों को जारी किए सख्त निर्देश
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के जनपद भ्रमण और विभिन्न कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने सभी अधिशासी अभियंताओं एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर कार्यक्रमों में स्वयं और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कार्यक्रमों में संबंधित विभागों के अधिकारियों और उनकी टीम की अनुपस्थिति के कारण आम जनता की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं हो पाता है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, इस स्थिति पर मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों द्वारा भी असंतोष व्यक्त किया जाता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के कार्यक्रमों में संबंधित अधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे और अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भी अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रमों के दौरान जनता की ओर से रखी जाने वाली समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए।
सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी कार्यक्रम में अनुपस्थिति अथवा लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी कार्यक्रमों में जिम्मेदारी निभाने के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

