उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा का संभावित समय भी घोषित किया
देहरादून। उत्तराखंड के लाखों प्रतियोगी छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिस पीसीएस भर्ती का इंतजार किया जा रहा था, अब वह इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने संकेत दे दिए हैं कि प्रदेश में अपर पीसीएस के 63 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। इसके साथ ही आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा का संभावित समय भी घोषित कर दिया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आयोग को अपर पीसीएस के कुल 63 रिक्त पदों का अधियाचन प्राप्त हो चुका है। इन पदों का परीक्षण और औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद जल्द ही भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। यह खबर उन हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आई है जो पिछले काफी समय से नई पीसीएस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है। हालांकि अभी परीक्षा की निश्चित तिथि घोषित नहीं की गई है, लेकिन आयोग ने अभ्यर्थियों को संदेश दिया है कि वे अक्टूबर को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दें।
इसका मतलब साफ है कि अब उम्मीदवारों के पास सीमित समय बचा है और उन्हें अपनी पढ़ाई का अंतिम चरण शुरू कर देना चाहिए। विशेषज्ञों का मानना है कि पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन, उत्तराखंड सामान्य ज्ञान, भारतीय संविधान, इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, समसामयिक घटनाएं और तार्किक क्षमता जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देना जरूरी होगा। इसके अलावा पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास और नियमित मॉक टेस्ट भी सफलता की संभावना बढ़ा सकते हैं। भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद आयोग ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। विज्ञापन में पदों का विस्तृत विवरण, आरक्षण, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क, चयन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होंगी। इधर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने एक और महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है। हाईकोर्ट में सहायक समीक्षा अधिकारी (।त्व्), असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक और टाइपिस्ट के कुल 24 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा हरिद्वार, हल्द्वानी और देहरादून में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर परीक्षा की तैयारी पूरी कर लें। तो कुल मिलाकर उत्तराखंड के प्रतियोगी छात्रों के लिए यह बड़ी और राहत भरी खबर है। जल्द ही 63 पदों पर पीसीएस भर्ती का विज्ञापन जारी होने वाला है, जबकि प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर महीने में प्रस्तावित है। वहीं हाईकोर्ट की विभिन्न भर्तियों की परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

