कृषि अनुसंधान और किसानों के हित में विश्वविद्यालय के योगदान को सराहा, आधुनिक तकनीक अपनाने पर दिया जोर
पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना सप्ताह का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। गांधी हॉल में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया। समारोह में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह से पूर्व राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन एवं सांसद अजय भट्ट ने कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप के साथ विश्वविद्यालय की विभिन्न अनुसंधान इकाइयों का भ्रमण किया। उन्होंने एकीकृत कृषि प्रणाली, जंगली मक्का से संकरण कर विकसित चारे वाली मक्का की संकर किस्म, मत्स्य बीज हैचरी, शैक्षिक डेयरी फार्म में ओवम पिकअप तकनीक से विकसित बद्री गाय की बछिया तथा कुक्कुट फार्म में उत्तरा फाउल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से अनुसंधान एवं तकनीकी विकास की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए। इसके बाद गांधी मैदान में लगी विभिन्न प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।
गांधी हॉल में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं विश्वविद्यालय गीत के साथ हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। समारोह में विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत, कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और किसानों के कल्याण में योगदान को रेखांकित किया गया।
मुख्य अतिथि राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विश्वविद्यालय परिवार को 67वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने वैज्ञानिक अनुसंधान और किसानों के परिश्रम के समन्वय से देश की हरित क्रांति तथा खाद्यान्न आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2027 में विश्वविद्यालय की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्होंने इसे संस्थान की शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमता का प्रमाण बताया।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादकता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय को अनुसंधान, प्रशिक्षण और तकनीकी प्रसार के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड की पर्वतीय कृषि में मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, राजमा, औषधीय एवं सुगंधित पौधों, बागवानी, मधुमक्खी पालन और मत्स्य पालन की संभावनाओं पर विशेष अनुसंधान करने का आह्वान किया।
उन्होंने वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, रोबोटिक्स और सटीक कृषि जैसी आधुनिक तकनीकों को किसानों के खेतों तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को समय की आवश्यकता बताया। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से नौकरी तलाशने के बजाय कृषि आधारित स्टार्टअप और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुसंधान, खेल और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा भी दी।
विशिष्ट अतिथि सांसद अजय भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना से ही देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। क्यूएस एशिया रैंकिंग में विश्वविद्यालय की उपलब्धि पर कुलपति और समस्त विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पंतनगर का नाम देश-विदेश में सम्मान के साथ लिया जाता है। विश्वविद्यालय के विकास, परिसर की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बड़े सभागार की आवश्यकता पर उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय की स्थापना महज एक शैक्षणिक संस्थान की स्थापना नहीं थी, बल्कि देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के राष्ट्रीय संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा थी। विश्वविद्यालय ने कृषि अनुसंधान, उन्नत बीजों के विकास, नई तकनीकों और प्रशिक्षित मानव संसाधन के माध्यम से देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज यहां से शिक्षित विद्यार्थी देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2027 में देश के कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में पंतनगर का प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है। इसमें शिक्षकों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने के साथ किसानों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और प्रभावी ढंग से निभाने का संकल्प दोहराया।
इससे पूर्व कुलसचिव डॉ. दीपा विनय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि 17 नवंबर, 1960 को देश के प्रथम कृषि विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित पंतनगर विश्वविद्यालय ने भारतीय कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान को नई दिशा प्रदान की है। विश्वविद्यालय की उपलब्धियां इसके शिक्षकों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।
समारोह में राज्यपाल ने पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय तथा मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा रचित पुस्तक **‘पंतनगर राइजिंग’** का विमोचन भी किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय की 10 प्रमुख इकाइयों की उपलब्धियों एवं गतिविधियों पर आधारित 10 ब्रोशर जारी किए गए। विश्वविद्यालय के जैव अभिकर्ता के व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिस्टल कॉर्पोरेशन और नेचर ऑर्गेनिक्स के साथ किए गए समझौतों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चन्द्र ध्यानी ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, प्राध्यापक, वैज्ञानिक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

