किसानों को मिलेगा न्यूनतम समर्थन मूल्य का शत-प्रतिशत लाभ
नैनीताल। खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के तहत किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत नवंबर माह के आगामी सार्वजनिक एवं स्थानीय अवकाशों में भी जनपद नैनीताल के सभी धान क्रय केंद्र नियमित रूप से खुले रहेंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ असवाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, उत्तराखण्ड शासन के 30 सितंबर 2026 को जारी पत्र संख्या 305 में खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के अंतर्गत धान खरीद को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि दीपावली पर्व के दौरान लगातार अवकाश रहने के कारण आगामी दिनों में जनपद की मंडियों एवं धान क्रय केंद्रों पर धान की व्यापक आवक होने की संभावना है। ऐसे में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी उपज की समय पर खरीद सुनिश्चित की जा सके, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है।
शासन के निर्देशों के बिंदु संख्या 13 में निहित व्यवस्था के अनुरूप जनपद में स्थापित सभी क्रय एजेंसियों के धान क्रय केंद्र नवंबर माह के आगामी सार्वजनिक एवं स्थानीय अवकाशों में भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं क्रय एजेंसियों को आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश एवं उनकी सहमति के उपरांत जारी किया गया है।

