विरासत को जानें, विरासत को जिएं’ थीम पर मनेगा स्थापना सप्ताह, राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन करेंगे शुभारंभ’’
पंतनगर। देश के प्रथम कृषि विश्वविद्यालय गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर का 67वां स्थापना सप्ताह 17 से 23 नवंबर 2026 तक धूमधाम से मनाया जाएगा। इस वर्ष स्थापना सप्ताह की थीम ‘विरासत को जानें, विरासत को जिएं’ रखी गई है। स्थापना सप्ताह के दौरान कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेल गतिविधियों के साथ पूर्व छात्र सम्मेलन भी प्रमुख आकर्षण होंगे। सोमवार को कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप की अध्यक्षता में कुलपति सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 1960 से अब तक पंतनगर विश्वविद्यालय ने कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में देश को महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्थापना सप्ताह का उद्देश्य विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत को याद करने के साथ ही उसकी उपलब्धियों और परंपराओं को वर्तमान पीढ़ी के जीवन का हिस्सा बनाना है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन 17 नवंबर को स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। 19 अक्टूबर 2026 को पदभार ग्रहण करने के बाद कुलाधिपति के रूप में यह उनका पहला पंतनगर दौरा होगा। कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट भी मौजूद रहेंगे।
कुलपति ने बताया कि स्थापना सप्ताह की शुरुआत स्थापना दिवस समारोह से होगी, जिसमें विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा ‘पंतनगर रू तब और अब’ कार्यक्रम के तहत पूर्व शिक्षकों के साथ संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। अंतर-महाविद्यालयीय वाद-विवाद प्रतियोगिता, साहित्यिक संध्या, काव्य पाठ, आशुभाषण और कथा-वाचन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत गरबा संध्या, विश्वविद्यालय बैंड शो और अंतर-महाविद्यालयीय सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। वहीं, रन फॉर यूनिवर्सिटी और अश्व प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन के माध्यम से देश-विदेश में रह रहे विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एक बार फिर अपनी शैक्षणिक संस्था से जुड़ेंगे। इसके साथ ही पं. गोविन्द बल्लभ पंत स्मृति व्याख्यान आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूर्व कुलपति डॉ. तेज प्रताप अपने विचार रखेंगे। 23 नवंबर को समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ स्थापना सप्ताह का समापन होगा।
दो नई सुविधाओं की मिलेगी सौगात
स्थापना सप्ताह के दौरान विश्वविद्यालय में दो नई इकाइयों का शुभारंभ भी किया जाएगा। इनमें पहली ‘द वाइब स्ट्रीट’ है, जो छात्रावास क्षेत्र के बीच विकसित की गई हरी-भरी और रोशनी से सुसज्जित गली है। यह पांच छात्रावासों के विद्यार्थियों के लिए अध्ययन, आपसी मेल-जोल और रोजमर्रा की सुविधाओं का साझा केंद्र बनेगी।
दूसरी इकाई ‘पंतनगर स्मृति-चिह्न केंद्र’ (सॉविनियर शॉप) होगी। यह विश्वविद्यालय की आधिकारिक स्मृति-चिह्न दुकान होगी, जहां विश्वविद्यालय से जुड़ी प्रामाणिक वस्तुओं के साथ ही विश्वविद्यालय के अपने फार्मों के उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। इससे विद्यार्थी, पूर्व छात्र, किसान और विश्वविद्यालय आने वाले अतिथि पंतनगर की यादगार वस्तुएं अपने साथ ले जा सकेंगे।
कुलपति डॉ. कश्यप ने कहा कि स्थापना सप्ताह विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों को एक मंच पर लाने का अवसर है। विश्वविद्यालय अपनी गौरवशाली विरासत को संजोते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए संकल्पित है।
प्रेस वार्ता का संचालन निदेशक संचार डॉ. जे.पी. जायसवाल ने किया। इस दौरान अपर निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण डॉ. अनिल कुमार शर्मा, सहायक निदेशक संचार डॉ. अर्पिता शर्मा काण्डपाल सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

