हल्द्वानी नगर निगम

हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 1.78 अरब का बजट पारित

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल

विपक्षी पार्षदों ने तमाम आरोप लगाकर काटा हंगामा
हल्द्वानी। नगर निगम की बोर्ड बैठक में 2023-24 का 1.78 अरब का लाभ का बजट बोर्ड में पारित किया गया। बोर्ड बैठक के दौरान 14 प्रस्तावों पर नगर निगम बोर्ड ने सहमति जताते हुए पारित किया। बैठक में विपक्षी पार्षदों ने मेयर पर तमाम आरोप लगाकर हंगामा भी किया।

नगर निगम सभागार में बृहस्पतिवार को 11ः25 बजे नगर निगम की बोर्ड बैठक हुई। मेयर जोगेंद्र रौतेला ने सभी पार्षदों और अधिकारियों को पंच प्रण की शपथ दिलाई। हल्के विरोध के बीच बजट सहित 14 प्रस्ताव ध्वनि मत से पास हो गए। बोर्ड बैठक में एडीबी की ओर से मिले 2200 करोड़ रुपये के कामों का प्रस्तुतीकरण किया गया। बोर्ड बैठक में एक अप्रैल 2023 का प्रारंभिक अवशेष 41.97 करोड़, अनुमानित आय 1.36 अरब, कुल आय 1.78 अरब पेश किया गया। साथ ही 2023-24 का अनुमानित व्यय 1.58 अरब और 31 मार्च 2024 का अनुमानित अवशेष 19.90 करोड़ रुपये पेश किया गया। बोर्ड ने इसे ध्वनिमत से पास कर दिया।

ये प्रस्ताव हुए पारित -
- नगर निगम का 2023-24 का बजट पेश किया जाएगा।
- नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक में पारित ट्रेड लाइसेंस उपविधि में दर्ज ट्रेड लाइसेंस मदों में छूटी हुई मदों पर लाइसेंस शुल्क निर्धारण को बनी समिति की ओर से प्रस्तावित ट्रेड लाइसेंस मद, कुछ मदों में शुल्क वृद्धि के प्रस्ताव पर दोबारा नगर आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी बना दी।
- बैंणी सेना का कार्यकाल अग्रिम आदेशों तक बढ़ा दिया गया।
- नगर आयुक्त का आवास तोड़कर यहां सीएनजी पंप लगाने का निर्णय लिया गया।
-आईटीआई के पास स्थित क्रियाशाला के विस्तार के लिए 1.5 हेक्टेयर वन भूमि को वन विभाग से नगर निगम को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई।
- रानीबाग स्थित कत्यूरी समाज के तीर्थस्थल के लिए 48 लाख रुपये बजट आवंटन को स्वीकृति दी गई।
- जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली जगह पर गोशाला निर्माण करने के लिए एक करोड़ रुपये तक का व्यय करने का प्रस्ताव पास किया गया।
- पार्षद राजेंद्र सिंह नेगी के प्रस्ताव के तहत तीनताश चैराहे का नाम बदलने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
- पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी की मूर्ति लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। साथ ही अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृत करते हुए, स्थल चयन के लिए मेयर को अधिकृत किया गया।
- नगर निगम की ओर से कराए गए कार्यों की कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। साथ ही राज्य वित्त और केंद्रीय वित्त की राशि को खर्च करने के लिए मेयर को अधिकृत कर दिया गया।
- हल्द्वानी के लिए 2250 करोड़ की घोषणा के संबंध में कराए जा रहे कार्यों का यूयूएसडीए की ओर से प्रजेंटेशन किया गया। साथ ही बनने वाले प्रशासनिक भवन का नाम नरेंद्र मोदी भवन नमो भवन करने की संस्तुति की गई।
- एसडब्लूएम प्लांट की जगह एनटीपीसी की सहयोगी कंपनी विद्युत व्यापार निगम की ओर से प्रस्तुत किए गए एमओयू को स्वीकृत कर कार्यवाही करने के प्रस्ताव में गवर्निंग कमेटी से स्वीकृत कराने की सहमति दी गई।
- संविदा कर्मियों को स्थायी करने का प्रस्ताव पास कर इसे शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
- राज्य आंदोलनकारियों के भवन कर को माफ करने के प्रस्ताव का परीक्षण कर रिपोर्ट देने के लिए समिति का गठन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *