रानीखेत के ऐना गांव की घटना, क्षेत्र में दहशत, दो महिलाओं पर भी जानलेवा हमला, पुलिस जांच तेज
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। रानीखेत के ऐना गांव में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर एक युवक की हत्या कर दी, जबकि दो महिलाओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालिया अपडेट के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। आरोपी युवक गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है। और पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम देने का अंदेशा है। मामला रानीखेत के कुंवाली क्षेत्र के ऐना गांव का है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावर घर में घुस गया और वहां मौजूद मेरठ निवासी 18 वर्षीय सागर, जानकी देवी और साबुली देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
वीडियो
हमले में 18 वर्षीय सागर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साबुली देवी का गला रेत दिया गया, जबकि जानकी देवी के सिर पर गंभीर वार किए गए। दोनों घायल महिलाओं को तत्काल उप जिला चिकित्सालय रानीखेत में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर अज्ञात हमलावर की तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक सागर मेरठ का रहने वाला था और कुछ दिन पहले ही अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया था। सागर का सपना भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का था। वह रानीखेत में आयोजित अग्निवीर भर्ती की दौड़ में शामिल होने के लिए यहां पहुंचा था, लेकिन उससे पहले ही उसकी जिंदगी पर हमला हो गया और उसका सपना अधूरा रह गया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश, लूट और अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
