cropped logo1 उत्तराखंड : सरकारी अस्पताल की दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी की मौत

उत्तराखंड : सरकारी अस्पताल की दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी की मौत

उत्तराखण्ड ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

चमोली । चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की क्षतिग्रस्त दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बीती 25 जून को हुई भारी बारिश के चलते बहकर आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे कि पहले से खोखली हो चुकी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और अन्य लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और डॉ. डिमरी को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अस्पताल की क्षतिग्रस्त संरचनाओं की समय पर मरम्मत न होने पर चिंता जताई है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *