नंदा देवी महोत्सव के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री धामी को दिया निमंत्रण
नैनीताल। श्री नन्दा देवी महोत्सव के आयोजन को लेकर श्री राम सेवक सभा के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सरिता आर्या के नेतृत्व में देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को इस वर्ष आयोजित होने वाले श्री नन्दा देवी महोत्सव के उद्घाटन एवं पूजा कार्यक्रम में सपत्नीक प्रतिभाग करने का निमंत्रण दिया।
श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने बताया कि संस्था की ओर से मुख्यमंत्री को निमंत्रण पत्र सौंपने के साथ ही महोत्सव के कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी कराया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी से भी मुलाकात कर उन्हें धार्मिक आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया।
विधायक सरिता आर्या ने पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात कर उन्हें भी श्री नन्दा देवी महोत्सव का निमंत्रण दिया।
इस वर्ष श्री नन्दा देवी महोत्सव का आयोजन 16 सितंबर से 23 सितंबर तक किया जाएगा। 16 सितंबर को पंचमी पर्व के अवसर पर महोत्सव का उद्घाटन होगा, जबकि 19 सितंबर को अष्टमी पर्व मनाया जाएगा। महोत्सव की महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा के तहत शीघ्र ही कदली वृक्ष का चयन भी किया जाएगा।इस दौरान श्री राम सेवक सभा के सदस्य हरीश राणा एवं सभासद आनंद बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

