IMG 20260824 WA0045 श्री नंदा देवी महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक, 16 से 23 सितंबर तक होगा आयोजन

श्री नंदा देवी महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक, 16 से 23 सितंबर तक होगा आयोजन

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव 2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्री राम सेवक सभा भवन में उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का स्वागत किया और महासचिव जगदीश बावरी ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक ने बताया कि 124वें श्री नंदा देवी महोत्सव की थीम ‘संस्कार, संस्कृति एवं समृद्ध विरासत’ रखी गई है। महोत्सव के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को महोत्सव की व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था के साथ सादी वर्दी में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा दुकानों के लिए उचित व्यवस्था, मेला मैदान को समतल करने, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा हिल जात्रा को महोत्सव में प्रदर्शित करने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। महोत्सव के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किए जाने पर भी चर्चा हुई।

श्री नंदा देवी महोत्सव का आयोजन 16 सितंबर से 23 सितंबर तक किया जाएगा। बैठक में महिलाओं से अपील की गई कि वे महोत्सव में अधिक से अधिक कुमाऊंनी परिधान में शामिल हों और सुरक्षा की दृष्टि से सोने के आभूषणों का कम से कम इस्तेमाल करें।

बैठक को ईओ रोहितास शर्मा एवं सीओ अंजना नेगी ने भी संबोधित किया। इस दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया। साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत के संरक्षण में युवाओं की भूमिका सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक में रंजीत नेगी, कीर्ति आर्य, गिरिजा जोशी, एसएम गुरुरानी, दिनेश जोशी, पंकज कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार, दीपक शर्मा, भास्कर जोशी, देवेंद्र सिंह नेगी, आरएस रावत, एएस रावत, देवेंद्र लाल साह, अंशुल ओझा, प्रियंक पांडे, अशोक साह, विमल चौधरी, ललित साह, राजेंद्र लाल साह, कमलेश ढौंडियाल, भुवन बिष्ट, भीम सिंह कार्की, मोहित लाल साह, हरीश राणा, प्रदीप जेठी, दिनेश भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आयोजन समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *