हल्द्वानी। दिल्ली में आयोजित दिल्ली ओपन टैलेंट सर्च तैराकी प्रतियोगिता-2026 में आर्यमान विक्रम बिरला स्कूल ऑफ लर्निंग, हल्द्वानी के कक्षा 8 के छात्र एवं उभरते तैराक कौस्तुभ भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
23 अगस्त 2026 को SFIA की ओर से नई दिल्ली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पूल कॉम्प्लेक्स (तालकटोरा तैराकी पूल स्टेडियम) में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से उभरते तैराकों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर में तेजी से उभर रहे तैराकों की प्रतिभा को तलाशना और उन्हें भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
प्रतियोगिता के अंडर-14 आयु वर्ग में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए कौस्तुभ भट्ट ने 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के संयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय तैराकी कोच डॉ. जितेंद्र टोकस ने कौस्तुभ को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक के.के. यादव ने बताया कि कौस्तुभ का इस वर्ष तैराकी में प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। इससे पूर्व भी वह उत्तराखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता और CBSE नॉर्थ जोन तैराकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुका है। अपने प्रदर्शन के आधार पर कौस्तुभ का दोनों महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए चयन भी हुआ है।
कौस्तुभ की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य परवेश मेहरा सहित समस्त विद्यालय परिवार ने खुशी व्यक्त की और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कौस्तुभ की सफलता को विद्यालय और उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

