कहा, विकास कार्यों में नहीं आने दी जाएगी कोई बाधा: मंत्री राम सिंह कैड़ा
भीमताल। उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को भीमताल स्थित अनंत विला रिजॉर्ट में प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निकायों के अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निकायों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को निकायों से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निकायों को कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा उनकी निगरानी के लिए विशेष मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है। साथ ही लंबे समय से रिक्त अधिशासी अधिकारी, अपर अभियंता और राजस्व निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां कर दी गई हैं।
उन्होंने नगर निकायों से अपने आय स्रोत बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वित्तीय रूप से मजबूत निकाय ही बेहतर जनसेवाएं दे सकते हैं। मंत्री ने सौंदर्यीकरण, सड़क सुधार, पेयजल, विद्युत एवं गैस पाइपलाइन को भूमिगत करने, डंपिंग जोन, गौशालाओं और आवारा पशुओं के लिए शेल्टर होम जैसी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में शहरी विकास योजनाओं, स्वच्छता प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान अपर सचिव विनोद गिरी गोस्वामी सहित सभी नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, सचिव एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

