कुल 329 पदों पर भर्ती की जाएगी और भर्ती परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को संभावित
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी यूकेएसएसएससी ने लेखाकार और सहायक लेखाकार समेत विभिन्न पदों पर बंपर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। कुल 329 पदों पर भर्ती की जाएगी और आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई से शुरू होगी। आइए जानते हैं भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह-ग के तहत लेखाकार, सहायक लेखाकार, कनिष्ठ संपरीक्षक, कार्यालय सहायक तृतीय और कैशियर कम सहायक लेखाकार के कुल 329 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। अभ्यर्थी 26 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग के अनुसार, आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 18 से 20 अगस्त तक ऑनलाइन संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। वहीं, भर्ती परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को संभावित है। भर्ती के लिए पदवार बीकॉम, बीबीए और एमबीए जैसी शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। अभ्यर्थियों की आयु 1 जुलाई 2026 को 21 वर्ष से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुरू 26 जुलाई 2026
अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026
आवेदन संशोधन 18 से 20 अगस्त
संभावित परीक्षा 12 अक्टूबर 2026
अगर विभागवार रिक्तियों की बात करें तो सबसे अधिक 230 पद ऑडिट निदेशालय में हैं। इसके अलावा यूपीसीएल में 75, पर्यटन विभाग में 13, अल्मोड़ा कोषागार में 13 और नैनीताल कोषागार में 12 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही ब्रिडकुल, पिटकुल, जल संस्थान, कोषागार निदेशालय और अन्य विभागों में भी रिक्तियां निकाली गई हैं।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है। चयन प्रक्रिया के तहत 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें वाणिज्य, व्यापार प्रशासन और अकाउंटेंसी से जुड़े 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
यदि आप भी सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो यह आपके लिए सुनहरा अवसर हो सकता है। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी और आवेदन के लिए अभ्यर्थी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत विज्ञापन देख सकते हैं।

