
भीमताल। धारी ब्लॉक की दूरस्थ अम्दौ ग्राम सभा में बीती रात हुई भारी बारिश से प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे विद्यालय भवन को खतरा पैदा हो गया है। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने विद्यालय की सुरक्षा दीवार का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
मनोज शर्मा ने कहा कि शुरुआती बारिश ने ही सरकार के विकास कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबियाड-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग का डेंजर जोन वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है, लेकिन कई बार मांग और प्रदर्शन के बावजूद इसका समाधान नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण किसानों, दुग्ध उत्पादकों और सब्जी उत्पादकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। दूध और कृषि उत्पादों के वाहन मार्ग में फंस रहे हैं, जिससे उत्पाद समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके चलते किसानों को आर्थिक नुकसान और युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
मनोज शर्मा ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में पानी निकासी और सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बदहाल बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

