ओखलकांडा। जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी के सहयोग से महिला एवं पिछड़ा वर्ग सहकारी समिति लिमिटेड, हल्द्वानी की ओर से ओखलकांडा के तुशराड़ में 21 दिवसीय जूट बैग एवं सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र से जगदीश बोरा एवं ग्राम प्रधान कमल गोस्वामी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत क्षेत्र की 25 महिलाओं को सिलाई मशीन के माध्यम से जूट बैग निर्माण और सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संस्था की अध्यक्ष सायमा हुसैन एवं सचिव निर्मला दर्मवाल ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं जूट बैग निर्माण और सिलाई का कार्य सीखकर भविष्य में स्वयं का रोजगार शुरू कर सकेंगी।
कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कौशल विकास प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

