डामरीकरण से ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
धारी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत पोखराड़ में झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नैनीताल सांसद अजय भट्ट के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत होने वाले कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मंत्री राम सिंह कैड़ा द्वारा क्षेत्र की सड़कों के लिए भारत सरकार को भेजे जा रहे प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को स्वीकृति भी मिली है।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ होने के कारण ग्रामीणों और विशेष रूप से किसानों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए पीएमजीएसवाई के तहत प्रस्ताव भेजा गया था। मंत्री कैड़ा ने बताया कि मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए करीब चार करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है और अब कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।
मोटर मार्ग के सुधारीकरण से क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही ग्रामीणों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने और लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या से राहत मिलने की बात कही गई।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कार्य की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री एवं सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश सरकार में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, भावना मेहरा, शांति मेहरा, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला मंत्री कुंदन सिंह चिलवाल, प्रकाश चंद्र नानू, हीरेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पवन डंगवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

