76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर बनी रणनीति, दुग्ध उत्पादकों को 2.75 करोड़ रुपये लाभ राशि देने का प्रस्ताव निबंधक को भेजने पर सहमति
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन में बुधवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुग्ध संघ से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बोर्ड के समक्ष कुल 34 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें पारित किया गया।
बैठक में आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन के आयोजन की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी रणनीति बनाई गई। साथ ही विभिन्न प्रस्तावों को निबंधक के समक्ष भेजने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि विषम परिस्थितियों में दुग्ध संघ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को याद करते हुए उनके नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराए जाने पर सहमति की जानकारी दी।
बैठक में दुग्ध संघ के संचालन, कार्यप्रणाली और आगामी कार्ययोजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। 34 प्रस्तावों पर बोर्ड सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया, जिसके बाद कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। पारित प्रस्तावों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने पर भी सहमति बनी।
दुग्ध उत्पादकों को 2.75 करोड़ रुपये लाभ राशि देने का प्रस्ताव
बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में दुग्ध उत्पादकों को दी जाने वाली लाभ राशि को 2 करोड़ 52 लाख रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ 75 लाख रुपये किए जाने तथा इसका भुगतान दीपावली से पूर्व किए जाने संबंधी प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी।
इसके अलावा कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया देने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजे जाने पर सहमति बनी। कामगारों सहित दुग्ध संघ के करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
बकायेदार परिवहनकर्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने विपणन एवं परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बकाया धनराशि की वसूली में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

