पंतनगर । गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर ने उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम के साथ अपने पुराने बीज उत्पादन संबंधों को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत विश्वविद्यालय उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम को विभिन्न फसलों के आधारीय (फाउंडेशन) बीज का उत्पादन कर उपलब्ध कराएगा। देहरादून में 6 अगस्त 2026 को आयोजित उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम की बोर्ड बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न फसलों की प्रजातियों के आधारीय बीजों का उत्पादन विश्वविद्यालय द्वारा किया जाएगा। कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने बताया कि पंतनगर की पहचान देश-विदेश में गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन के लिए रही है और इस पहचान को और मजबूत किया जाएगा।
आगामी रबी सीजन में विश्वविद्यालय द्वारा गेहूं की पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों के लिए संस्तुत प्रजातियों के बीज उत्पादन का 25 प्रतिशत हिस्सा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके तहत 86 हेक्टेयर में गेहूं, 25 हेक्टेयर में मसूर, 2 हेक्टेयर में चना तथा 10 हेक्टेयर में अन्य फसलों का फाउंडेशन बीज विश्वविद्यालय द्वारा उत्पादित किया जाएगा। बीज उत्पादन में अंशधारी किसानों की सहभागिता उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम के साथ पूर्ववत बनी रहेगी।
कुलपति ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न फसलों की प्रजातियों का लगभग 7,000 कुंतल प्रजनक बीज प्रतिवर्ष उत्पादित किया जा रहा है, जिसका उपयोग देश के कई राज्यों द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पंतनगर और उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम के बीच बीज उत्पादन एवं आपूर्ति के पुराने मॉडल को पुनर्जीवित करना तथा पंतनगर को बड़े पैमाने पर गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में पुनः स्थापित करना है।
राज्य में विभिन्न फसलों की बीज एवं पौध सामग्री की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विश्वविद्यालय के अनुसंधान केंद्रों और फार्म के अधिकारियों के साथ दो चरणों में विचार-विमर्श किया जा चुका है। इसके आधार पर आवश्यक रणनीति तैयार की जा रही है। कुलपति ने कहा कि उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम के सुदृढ़ीकरण के लिए विश्वविद्यालय हरसंभव सहयोग करेगा और राज्य की बीज एवं पौध आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
18 अगस्त से शुरू हुई नियमित कक्षाएं
कुलपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों को भरने के लिए शीघ्र ही स्पॉट राउंड आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त से सभी महाविद्यालयों में नियमित कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के माध्यम से प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को भी शीघ्र विश्वविद्यालय में शामिल किया जाएगा।
1,000 विद्यार्थियों के लिए ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम
नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय में 15-दिवसीय ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें करीब 1,000 प्रथम वर्ष के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों, अनुसंधान केंद्रों, प्रयोगशालाओं और अन्य सुविधाओं से परिचित कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी देने के साथ उनके चार वर्षीय शैक्षणिक जीवन और भविष्य के करियर के लिए बेहतर दिशा प्रदान करना है।
पत्रकार वार्ता का संचालन निदेशक संचार डॉ. जे.पी. जायसवाल ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक संचार डॉ. अर्पिता काण्डपाल सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

