PMAY-Urban के तहत 84 फीसदी मकान बनकर तैयार, सितंबर तक लंबित परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-Urban) को गति देते हुए जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। योजना के तहत आगामी दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को अपने पक्के मकान की सौगात मिलने की उम्मीद है। आवास विभाग ने लंबित आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 30 सितंबर तक की समयसीमा तय की है।
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश के अनुसार प्रदेश में कुल 18 परियोजनाओं के तहत 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें करीब 84 प्रतिशत यानी 12,948 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं अब तक 1,271 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं।
आवास विभाग ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि सभी लंबित आवासीय परियोजनाओं का निर्माण 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जा सके।
ऊधमसिंह नगर में बन रहे सबसे अधिक 10,200 आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत सबसे अधिक 10,200 मकान ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं।
इसके अलावा भवानीपुर (जसपुर) में 1,264, उकरौली-1 (सितारगंज) में 1,168, उकरौली-2 (सितारगंज) में 864, कनकपुर (काशीपुर) में 1,256, मटकोटा (रुद्रपुर) में 928, श्यामनगर (गदरपुर) में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर (काशीपुर) में 512 और गंगापुर गोसाल (काशीपुर) में 584 आवास बनाए जा रहे हैं।
हरिद्वार में 4,528 आवासों का निर्माण
हरिद्वार जिले में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी/बेलड़ी (रुड़की) में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं।
नैनीताल और देहरादून में भी निर्माण तेज
नैनीताल जिले के उम्मेदनगर (रामनगर) में योजना के तहत सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
वहीं देहरादून जिले की धौलास हाउसिंग स्कीम में 240 आवासों में से 180 का निर्माण पूरा हो गया है।
राज्य सरकार की हिस्सेदारी बढ़कर होगी 75 हजार रुपये
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हजारों गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिला है। पात्र परिवारों की मदद के लिए योजना में राज्य सरकार की हिस्सेदारी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जा रही है।

