हल्द्वानी। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) की सेंट्रल कंप्यूटर लैब के लिए कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए। मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में कंप्यूटर लैब के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक, देहरादून के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख अनुपम तथा विशिष्ट अतिथि हल्द्वानी के उपमहाप्रबंधक एवं मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने की।
PNB की ओर से विश्वविद्यालय की सेंट्रल कंप्यूटर लैब के लिए कुल 30 कंप्यूटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रथम चरण में 10 कंप्यूटर विश्वविद्यालय को प्रदान किए गए हैं, जबकि शेष कंप्यूटर आगामी चरणों में उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुआ। स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रो. जितेंद्र पांडे ने कहा कि उच्च शिक्षा, विशेषकर ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑनलाइन लर्निंग, ई-कंटेंट, प्रशिक्षण और तकनीक आधारित विद्यार्थी सहायता का महत्व लगातार बढ़ रहा है। PNB का यह सहयोग विश्वविद्यालय की डिजिटल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ अधिकारी ने PNB की CSR गतिविधियों और शिक्षा के क्षेत्र में बैंक के सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि अनुपम ने कहा कि शिक्षा और तकनीक के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने में संस्थानों के बीच सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं डिजिटल गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग की भावना व्यक्त की।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने PNB का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीक आज शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर लर्निंग सपोर्ट मिलेगा और विश्वविद्यालय की अकादमिक, प्रशिक्षण एवं डिजिटल लर्निंग गतिविधियां अधिक प्रभावी होंगी। उन्होंने PNB की पहल को शिक्षा के क्षेत्र में CSR का उपयोगी उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने अतिथियों एवं पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर PNB की ओर से सहायक महाप्रबंधक दीप चंद्र, मुख्य प्रबंधक बबीता कांडपाल सहित अन्य अधिकारी तथा विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. गिरिजा पांडेय, प्रो. रेनू प्रकाश, प्रो. राकेश रायाल, प्रो. अरविंद भट्ट, प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट सहित शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

