नैनीताल। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई (गुरुवार) को नैनीताल जनपद में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मार्गों पर मलबा आने और पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो सकता है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग (PWD) को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मार्गों को तत्काल सुचारु किया जा सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने, अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से ही तैयार रखी जाएं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
आपदा नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर:
फोन: 05942-231178, 231179, 231181
मोबाइल: 8272080884
टोल फ्री: 1077

