IMG 20260708 WA0028 बड़ी खबर : मंत्री कैड़ा के निर्देश पर च्यूरीगाड़ जूनियर हाई स्कूल में तत्काल दो शिक्षकों की नियुक्ति

बड़ी खबर : मंत्री कैड़ा के निर्देश पर च्यूरीगाड़ जूनियर हाई स्कूल में तत्काल दो शिक्षकों की नियुक्ति

उत्तराखण्ड ताजा खबर नैनीताल
खबर शेयर करें

धारी में जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 107 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

भीमताल/धारी। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में कुल 148 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 107 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 202 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। आयुर्वेद विभाग ने 80 और होम्योपैथी विभाग ने 44 लोगों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से आठ पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने की जानकारी देते हुए 11 किसानों का चयन किया। विभाग ने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की।

शिविर में किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सोलर फेंसिंग की मांग उठाई। अधिकारियों ने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में प्रथम चरण में पांच गांवों का चयन कर तारबाड़, सोलर फेंसिंग और सोलर लाइटिंग का कार्य कराया जाएगा। मंत्री कैड़ा ने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र कृषि, उद्यान और पशुपालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं से जोड़ें तथा बकरी पालन और “गोट वैली” की अवधारणा को बढ़ावा दें। उन्होंने हरेला पर्व से पूरे मानसून तक किसानों को पौध वितरण अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में दिए जाते हैं। कृषि अधिकारियों ने किसानों से ई-केवाईसी, भू-अभिलेखों का पोर्टल पर अंकन और बैंक खातों को आधार से लिंक कराने की अपील की।

शिविर के दौरान कूड़ा उठान, आवारा गोवंश और जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान के मुद्दे भी प्रमुखता से उठे, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मंत्री कैड़ा ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम से गांव-गांव सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम विभाग को भीमताल क्षेत्र के गांवों में छात्रवृत्ति पंजीकरण शिविर लगाने तथा खाद्य विभाग को लेटीबूंगा, पोखरी, सुनकिया और खुड़ गांवों में राशन कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

च्यूरीगाड़ विद्यालय में तत्काल दो शिक्षकों की नियुक्ति

शिविर के दौरान च्यूरीगाड़ जूनियर हाई स्कूल में एक शिक्षक के स्थानांतरण के बाद उत्पन्न शैक्षणिक समस्या का मुद्दा भी उठा। इस पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने तत्काल मुख्य शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश के बाद तत्काल दो शिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत भेजे गए 32 सड़क प्रस्तावों में से 17 को शासन की स्वीकृति मिल चुकी है। बरसात समाप्त होते ही इन सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

शिविर में बालिका विद्यालय लेटीबूंगा की छात्राओं की सुरक्षा के लिए विद्यालय में पीआरडी जवान या होमगार्ड की तैनाती की मांग भी उठी, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से पंजीकृत सांस्कृतिक दल रिमझिम कर्मांचल ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख भावना आर्या, ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदाबल्लभ, कनिष्ठ उप प्रमुख गीता बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *