
हल्द्वानी। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने पेयजल, सीवर, विद्युत केबल, ऑप्टिकल फाइबर या अन्य कार्यों के लिए सड़कों की खुदाई की है, वे मानसून के दौरान जनता को परेशानी से बचाने के लिए उन्हें तत्काल पूर्व स्थिति में बहाल करें।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि पहले पूर्व में खोदी गई सड़कों का कार्य पूरा किया जाए, उसके बाद ही नई सड़कों की खुदाई की जाए। उन्होंने सभी विभागों से प्रत्येक सप्ताह कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने और नगर आयुक्त को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
बैठक में मंत्री कैड़ा ने कहा कि हल्द्वानी का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहर के विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित हल्द्वानी उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए नई पहचान बनेगा।
मानसून से पहले जलभराव रोकने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को नालों की सफाई, डिसिल्टिंग, अवरोध हटाने, निचले क्षेत्रों में पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डवार क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण में तेजी लाने, फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने तथा वेंडिंग जोन निर्धारित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव, कीचड़ और आवागमन में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए तथा सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
एडीबी परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
बैठक के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने एडीबी के तहत नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। काठगोदाम स्थित कालटैक्स क्षेत्र में सीवरेज, नहर, सड़क और गैस पाइपलाइन कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जमरानी बांध परियोजना के तहत बन रही नहर की सुरक्षा कवरिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।इसके अलावा जल निगम को कालटैक्स क्षेत्र में सड़क पर बने गड्ढों को शीघ्र भरकर सड़क को पूर्ववत करने तथा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा घेराबंदी और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एडीबी मैनेजर कुलदीप, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

