हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश लेते समय छात्रों को निर्धारित प्रवेश शुल्क के अलावा किसी भी प्रकार का अतिरिक्त कन्वीनियंस या पेमेंट चार्ज नहीं देना होगा। यह सुविधा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (रेलवे बाजार शाखा, हल्द्वानी) के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई है।
अब छात्र क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक ने अपने तकनीकी सहयोगी PAYU के माध्यम से नया भुगतान गेटवे उपलब्ध कराया है। विश्वविद्यालय ने बताया कि इस नए गेटवे के जरिए अब तक दो लाख रुपये से अधिक की प्रवेश शुल्क राशि सफलतापूर्वक जमा की जा चुकी है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि छात्र हित विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद विद्यार्थियों से ऑनलाइन भुगतान के दौरान अतिरिक्त शुल्क लिए जाने की जानकारी मिली थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से स्थायी समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ समाप्त करने के साथ विश्वविद्यालय की पारदर्शी, सरल और छात्र-केंद्रित डिजिटल प्रणाली को और मजबूत बनाएगी।
प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने बताया कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन प्रवेश सत्र में अब तक 9,500 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही विश्वविद्यालय की परीक्षा संबंधी सभी ऑनलाइन शुल्क भी इसी पीएनबी भुगतान गेटवे से जमा किए जा सकेंगे।
वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. गिरिजा पाण्डेय ने इस पहल को विद्यार्थियों के हित में सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे डिजिटल भुगतान प्रणाली में छात्रों का विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि पंजाब नेशनल बैंक विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” के माध्यम से वित्तीय साक्षरता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी प्रसारित कर सकता है।
पंजाब नेशनल बैंक, रेलवे बाजार शाखा की शाखा प्रबंधक श्रीमती बबीता कांडपाल ने कहा कि बैंक विद्यार्थियों को सुरक्षित, सरल और अतिरिक्त शुल्क मुक्त डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराकर प्रसन्न है। उन्होंने भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ विभिन्न सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक के दौरान पंजाब नेशनल बैंक की ओर से विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए सैमसंग गैलेक्सी S25 स्मार्टफोन भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया।

