हर रोज रात्रि साढे आठ बजे बस होगी रवाना, किराया 745 रुपये तय
हल्द्वानी। प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या जाने के लिए अब आपको बस बदलने का झंझट नहीं रहेगा। उत्तराखंड परिवहन निगम आपको हल्द्वानी से सीधे अयोध्या की यात्रा कराएगा। रात में बस यहां से जाएगी और दूसरे दिन दोपहर बाद अयोध्या से बस हल्द्वानी को वापस आएगी। 532 किलोमीटर दूरी की इस यात्रा का किराया 745 रुपये तय किया गया है। बता दें कि अभी तक हल्द्वानी से अयोध्या तक ही रोडवेज की बस सेवा थी।
अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण होने के साथ ही 22 जनवरी को मंदिर में श्रीराम की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भी होनी है। पूरे देश के लोग इस पल का गवाह बनने के लिए उत्सुक हैं। इन दिनों अयोध्या जाने वाले यात्रियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। लेकिन वर्तमान में हल्द्वानी से लखनऊ तक ही रोडवेज बस जाती है। ऐसे में काठगोदाम डिपो प्रबंधन ने हल्द्वानी से सीधे अयोध्या बस सेवा शुरू कर दी है। बीती गुरुवार से हल्द्वानी से अयोध्या के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू हो चुकी है।
काठगोदाम डिपो के एआरएम आलोक बनवाल के मुताबिक यह बस पहले लखनऊ तक जाती थी लेकिन अब अयोध्या जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ रही है और यात्री अयोध्या बस सेवा की मांग भी करते आ रहे थे। ऐसे में हल्द्वानी से अयोध्या सीधे बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। बताया कि बस रात साढ़े आठ बजे हल्द्वानी से रवाना होगी और बरेली, लखनऊ, फैजाबाद होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। दूसरे दिन अयोध्या से दोपहर साढ़े तीन बजे हल्द्वानी के लिए रवाना होगी। लोगों ने भी सीधी बस सेवा शुरू होने पर खुशी जताई है।