टोक्यो पैरा ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन की बदौलत जीता था कांस्य पदक
रुद्रपुर/हल्द्वानी। टोक्यो पैरा ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन की बदौलत कांस्य पदक जीतने वाले रुद्रपुर के मनोज सरकार पर यूपी सरकार मेहरबान हुई। मनोज की प्रतिभा की कद्र करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक करोड़ का चेक सौंपने के साथ ही प्रशस्त्रि पत्र और शाॅल ओढ़ाकर मनोज सरकार को सम्मानित किया। मनोज को प्रोत्साहन राशि और सम्मान मिलने से खेल प्रेमी और उनके शुभचिंतक खासे गदगद हैं।

पैरा ओलम्पिक खिलाड़ी मनोज सरकार के व्यक्तिगत कोच रुद्रपुर निवासी भूपेश दुम्का ने बताया कि गुरुवार को मेरठ के सरदार बल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 17 पैरा ओलंपिक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया जिसमें पूरे भारत से खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था। इसी समारोह में रुद्रपुर निवासी पैरा ओलंपिक खिलाड़ी मनोज सरकार को प्रशस्ति पत्र, शाॅल और एक करोड़ का चेक देकर सम्मानित किया गया। मनोज ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।
मनोज के साथ कार्यक्रम में उनके व्यक्तिगत कोच भूपेश दुमका को भी आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर थे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सभी कैबिनेट मंत्री सहित चार केंद्रीय मंत्रियों ने भी भाग लिया। योगी सरकार द्वारा गोल्ड मेडल जीतने पर दो करोड़, रजत पदक जीतने पर डेढ़ करोड़ और कांस्य पदक जीतने पर एक करोड़ की धनराशि सभी खिलाड़ियों को वितरित की गई। मनोज को सभी नगर वासियों व बैडमिंटन खिलाड़ियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
