
लालकुआँ। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर पंचायत लालकुआँ की ओर से वार्ड संख्या 1 एवं 4 के आंगनबाड़ी केंद्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, बच्चों और उपस्थित अभिभावकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालने के संबंध में जानकारी दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2026 को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक अपने घर से ही कचरे का पृथक्करण शुरू कर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही दें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। अभियान के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए “स्वच्छ नगर, स्वस्थ नगर” का संदेश दिया गया। नगर पंचायत की ओर से बताया गया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आने वाले दिनों में विभिन्न वार्डों में भी जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

