रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंहनगर द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, रुद्रपुर में “सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन” अभियान का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिकन्द कुमार त्यागी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अभियान का उद्देश्य आमजन को ईंधन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन वैकल्पिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह ईंधन बचत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से सोमवार एवं शनिवार को पैदल अथवा साइकिल से न्यायालय आने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोग साझा वाहन का उपयोग करें, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सके। श्रीमती पंत ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। अभियान को व्यवहारिक रूप से अपनाते हुए सचिव ममता पंत स्वयं अपने निवास स्थान भूरारानी से लगभग 45 मिनट पैदल चलकर न्यायालय परिसर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि नियमित पैदल चलना न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव फौगाट ने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, साइकिल एवं साझा वाहनों के उपयोग की अपील की। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सहायक विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस दीपाली शर्मा, प्रथम अपर जिला न्यायाधीश राजू कुमार श्रीवास्तव, तृतीय अपर जिला न्यायाधीश मुकेश चंद्र आर्या, एडीजे पॉक्सो श्रीमती अनीता गुंजियाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

