IMG 20260812 WA0044 scaled सिर्फ कनेक्शन नहीं, हर घर नियमित और सुरक्षित पानी पहुंचे: सीएम धामी

सिर्फ कनेक्शन नहीं, हर घर नियमित और सुरक्षित पानी पहुंचे: सीएम धामी

उत्तराखण्ड ताजा खबर देहरादून नैनीताल
खबर शेयर करें

जल जीवन मिशन की प्रगति की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, शेष कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति, वित्तीय स्थिति, पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव तथा आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ‘हर घर जल’ का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने और शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समयसीमा में नल कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल नल कनेक्शन की संख्या से नहीं, बल्कि प्रत्येक घर तक नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचने से तय होगी। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने के साथ ही निर्माणाधीन एवं लंबित योजनाओं को मिशन मोड में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक योजना की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवीकरण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्भरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही प्रत्येक जनपद में पेयजल योजनाओं से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था विकसित करने और योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन के तहत कुल 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत है, जबकि 1,015 योजनाएं प्रगति पर हैं। ग्रामीण परिवारों को नल से जल की सुविधा उपलब्ध कराने के तहत 14.48 लाख परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि राज्य के 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल की उपलब्धता का सत्यापन पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने जनपदवार लक्ष्य, समयसीमा और जवाबदेही तय करते हुए योजनाओं की गुणवत्ता और नियमित पेयजल आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव पेयजल रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव रोहित मीणा, झरना कमठान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *