नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल की महत्वपूर्ण लोअर मालरोड की मरम्मत में लगातार हो रही देरी पर कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त दीपक रावत ने मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग को जारी पत्र में कहा कि लोअर मालरोड 15 सितंबर 2025 से क्षतिग्रस्त है। इस दौरान वह स्वयं दो बार स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं, जबकि अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया है। इसके बावजूद सड़क मरम्मत कार्य की प्रगति बेहद धीमी और असंतोषजनक रही है।
उन्होंने कहा कि विभाग हर बार कार्य पूरा करने के लिए नई समय-सीमा तय कर रहा है। पहले पर्यटन सीजन से पहले कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब विभाग ने 45 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है।
अब CCTV से होगी निर्माण कार्य की निगरानी
कुमाऊँ आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि निर्माण स्थल पर तत्काल CCTV कैमरे लगाए जाएं और उनका लाइव लिंक आयुक्त तथा जिलाधिकारी, नैनीताल को उपलब्ध कराया जाए, ताकि कार्यों की रियल-टाइम निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षणों के दौरान कई बार मौके पर निर्माण कार्य बंद मिला, जिसे गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
‘40 मीटर सड़क बनाने में एक साल’
दीपक रावत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मात्र 40 मीटर सड़क की मरम्मत में लगभग एक वर्ष का समय लग जाना लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने विभाग से स्पष्ट स्पष्टीकरण मांगा है कि आखिर इतनी लंबी देरी क्यों हुई।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी
आयुक्त ने कहा कि नैनीताल की यह प्रमुख सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब कार्य में किसी भी तरह की और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

