लोगों का मन मोह रहे ऐपण और आकर्षक डिजाइनों से तैयार जूट के उत्पाद
हल्द्वानी। जिला उद्योग केन्द्र हल्द्वानी परिसर में महिला स्वरोजगारियों की ओर से तैयार हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी शुरू हो गई है। प्रदर्शनी दीपावली तक लगेगी। इसमें ऐपण के अलावा तमाम आकर्षक डिजाइनों से बने जूट बैग लोगों का मन मोह रहे हैं।
शुक्रवार को जिला उद्योग केन्द्र परिसर में आयोजित हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबन्धक विपिन कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगे ऐपण और जूट से बने विभिन्न उत्पादों का अवलोकन कर स्वरोजगारियों का उत्साहवर्धन भी किया।

खरीददारी करने में लोगों में दिख रहा उत्साह
जिला उद्योग केन्द्र हल्द्वानी के महाप्रबन्धक विपिन कुमार ने बताया कि वर्तमान समय स्वरोजगार का है। लोग भी हस्तनिर्मित उत्पाद खरीदने के साथ ही पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाने वाले उत्पाद खरीदना चाहते हैं। ऐसे में जिला उद्योग केन्द्र स्वरोजगारियों के उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और लोगों को एक ही स्थान पर हस्तनिर्मित उत्पाद और ईको फ्रैंडली उत्पाद उपलब्ध कराने के उददेश्य से हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में नयना देवी ग्रोथ सेन्टर की महिलाओं की ओर से तैयार ऐपण और जूट बैग आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। प्रदर्शनी लगते ही लोग भी खरीददारी में रूचि दिखाने लगे हैं।
स्वरोजगारियों के उत्साहवर्धन का किया आह्वान
जिला उद्योग केन्द्र के प्रबन्धक सुनील कुमार पंत ने बताया कि ऐपण और जूट बैग विभाग से प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं और युवतियों ने तैयार किए हैं। उन्होंने हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी में अधिकाधिक लोगों से पहुंचकर स्वरोजगारियों के उत्साहवर्धन के लिए अधिकाधिक उत्पाद खरीदने का आह्वान किया है।
इस मौके पर जिला उद्योग केन्द्र के प्रबन्धक ओपी भटट, सुभाष चन्द्रा, देवेंद्र मेहता, राहुल कुमार, हिमांशु बिष्ट, रूचि नैनवाल, जतिन सहित तमाम लोग मौजूद थे।


