अब नौ अगस्त तक आवेदन का मौका, 29 सितम्बर 2026 को होगी परीक्षा
रामनगर। अगर आप उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी ’’यूटीईटी-प्रथम या यूटीईटी द्वितीय की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों को आवेदन और आवेदन पत्र में सुधार के लिए अतिरिक्त समय दे दिया है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यूटीईटी-1 और यूटीईटी-2 के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन का एक और मौका दिया गया है। बोर्ड सचिव ’’विनोद प्रसाद ढौंडियाल’’ ने बताया कि 29 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली यूटीईटी परीक्षा के आवेदन की तिथि अभी तक 3 अगस्त तक ही थी लेकिन अब अभ्यर्थियों को 9 अगस्त तक आवेदन करने का मौका दिया जा रहा है। अभ्यर्थी ’’9 अगस्त’’ तक अपने आवेदन पत्र में जरूरी सुधार भी कर सकेंगे। इस दौरान नाम, पिता या माता का नाम, शैक्षिक योग्यता, व्यक्तिगत विवरण और अन्य आवश्यक जानकारियों में संशोधन किया जा सकता है।
इसके साथ ही आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी ’’9 अगस्त’’ निर्धारित की गई है। यानी जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक शुल्क जमा नहीं किया है, वे इस तारीख तक अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
वहीं, जिन अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन करना है, उनके लिए ’’संशोधन शुल्क जमा करने की अवधि 12 अगस्त से 15 अगस्त’’ तक तय की गई है। बोर्ड ने साफ किया है कि ’’15 अगस्त के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।’’ इसलिए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने आवेदन पत्र की अच्छी तरह जांच कर लें और यदि कोई गलती है तो निर्धारित तिथि के भीतर उसे ठीक कर लें। अगर आपने यूटीईटी के लिए आवेदन किया है, तो आज ही अपने आवेदन की जांच कर लें ताकि अंतिम समय में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

