शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गिरि गोस्वामी ने किया नगर पंचायत का निरीक्षण
रजत जयंती पार्क, एमआरएफ सेंटर और हाट बाजार की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
लालकुआं। शहरी विकास विभाग, देहरादून के निदेशक विनोद गिरि गोस्वामी ने सोमवार को नगर पंचायत लालकुआं का निरीक्षण कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं नगर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के साथ नगर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
निदेशक ने निरीक्षण के दौरान हाट बाजार, एमआरएफ सेंटर, रजत जयंती पार्क एवं नगर पंचायत कार्यालय का जायजा लिया। उन्होंने नगर पंचायत की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था तथा जनसुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। रजत जयंती पार्क सहित नगर में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं की निदेशक ने सराहना की।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने निदेशक को नगर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य लालकुआं का सर्वांगीण विकास, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था और नागरिकों को आधुनिक एवं बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास को लेकर नगर पंचायत पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, सभासदगण एवं नगर पंचायत कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

