corona हल्द्वानी में कोरोना की दस्तक: सुशीला तिवारी अस्पताल में 76 वर्षीय महिला संक्रमित, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

हल्द्वानी में कोरोना की दस्तक: सुशीला तिवारी अस्पताल में 76 वर्षीय महिला संक्रमित, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

उत्तराखण्ड ताजा खबर देश/विदेश देहरादून नैनीताल हेल्थ
खबर शेयर करें

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की 76 वर्षीय महिला की जांच में सार्स-कोव-2 (कोरोना वायरस) संक्रमण की पुष्टि हुई है। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे अस्पताल के आइसोलेशन कक्ष में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के कैमरी बिलासपुर निवासी जमीला (76 वर्ष) के गले का नमूना (थ्रोट स्वैब) जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मरीज को अस्पताल के वार्ड-सी स्थित पृथक कक्ष (आइसोलेशन) में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मरीज की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता नहीं है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना तत्काल मुख्य चिकित्साधिकारी रामपुर को भेज दी है, ताकि मरीज के गृह जनपद में आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य, नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) तथा मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को भी मामले से अवगत कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी निगरानी के निर्देश दिए हैं। साथ ही संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतें और आवश्यकता पड़ने पर मास्क का प्रयोग करें।

Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *