हल्द्वानी के नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक में लगी भीषण आग, रिकॉर्ड रूम में रखा अहम दस्तावेजी रिकॉर्ड जला
हल्द्वानी। शहर के मंगल पड़ाव क्षेत्र स्थित सिंधी चौराहे के पास बुधवार देर शाम नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक परिसर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कर्मचारियों द्वारा बैंक भवन खाली कर दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैंक बंद होने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर स्थित रिकॉर्ड रूम में लगे एयर कंडीशनर में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते घना धुआं पूरे बैंक परिसर में फैल गया। कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
घना धुआं और सीमित जगह होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। धुआं बाहर निकालने के लिए बैंक की खिड़की तोड़ी गई और विशेष उपकरणों की सहायता से धुएं को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुरक्षा उपकरण पहनकर दमकल कर्मी रिकॉर्ड रूम तक पहुंचे और आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि करीब चार घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। प्रारंभिक जांच में रिकॉर्ड रूम में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान के जलने की पुष्टि हुई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

